शेयर बाज़ार
12 Jun, 2026

भारतीय शेयर बाजार में मुनाफा वसूली के बीच तेजी बरकरार, सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान में

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती सत्र के दौरान तेजी के बाद मुनाफावसूली का दबाव देखने को मिल रहा है, हालांकि प्रमुख सूचकांक अपनी मजबूती बनाए रखने में सफल रहे हैं।

नई दिल्ली, 12 जून।

घरेलू शेयर बाजार में आज कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत देखने को मिली। बाजार ने दिन का आगाज मजबूती के साथ किया था और शुरुआती दौर में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों सूचकांकों में उत्साहजनक तेजी बनी रही, लेकिन सत्र के आगे बढ़ने के साथ ही निवेशकों द्वारा मुनाफा वसूली शुरू किए जाने से सूचकांकों की चाल में नरमी आई। हालांकि, बिकवाली का दबाव होने के बावजूद दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में अपनी बढ़त को बरकरार रखने में सफल रहे। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के पश्चात सेंसेक्स 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार करते देखे गए।

बाजार के दिग्गज शेयरों की बात करें तो इंटरग्लोब एविएशन, एटरनल, श्रीराम फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में अच्छी खरीदारी का रुझान है। इसके विपरीत, ओएनजीसी, बजाज ऑटो, टेक महिंद्रा, कोल इंडिया और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। बाजार में कुल 2,745 सक्रिय शेयरों में से 2,356 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में हैं, जबकि 389 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स के 30 में से 25 और निफ्टी के 50 में से 38 शेयर मजबूती के साथ टिके हुए हैं।

बीएसई का सेंसेक्स आज 876.72 अंक की उछाल के साथ 74,709.27 अंक के स्तर पर खुला। खरीदारी के समर्थन से इसने 74,859.16 अंक के ऊपरी स्तर को छुआ, परंतु बाद में मुनाफा वसूली के चलते इसमें गिरावट आई और सुबह 10:15 बजे यह 691.55 अंक की बढ़त के साथ 74,524.10 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी प्रकार, एनएसई का निफ्टी 250.95 अंक की बढ़त के साथ 23,412.55 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह सूचकांक 23,455.95 अंक के स्तर तक गया, लेकिन बिकवाली के कारण सुबह 10:15 बजे तक यह 181.75 अंक चढ़कर 23,343.35 अंक के स्तर पर आ गया।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र गुरुवार को बाजार में सुस्ती देखी गई थी, जिसमें सेंसेक्स 150.63 अंक गिरकर 73,832.55 अंक पर और निफ्टी 53.35 अंक फिसलकर 23,161.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़