प्रशासनिक खबरें
12 Jun, 2026

भोपाल के बैरागढ़ रोड पर पटाखा दुकान में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका

भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित एक पटाखा दुकान में तड़के भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का माल जलकर खाक हो गया और दमकल की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।

भोपाल, 12 जून।

राजधानी भोपाल का बैरागढ़ रोड शुक्रवार तड़के पटाखों के धमाकों और भीषण आग की लपटों से दहल उठा। हलालपुरा स्थित मुख्य सड़क के किनारे संचालित 'सोनी पटाखा दुकान' में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखे लाखों रुपए के पटाखे और बारूद का स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।

यह हादसा तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि दिन के समय इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक रहता है। धमाकों की आवाज से आसपास के रहवासी सहम गए। आग की लपटें करीब 70 फीट की ऊंचाई तक देखी गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।

घटनास्थल के पास ही पेट्रोल पंप और हलालपुरा का बड़ा पटाखा मार्केट स्थित होने के कारण स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकान के भीतर से जलते हुए पटाखे और रॉकेट उड़कर मुख्य सड़क तक आ रहे थे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने सड़क के एक तरफ का ट्रैफिक बंद करवा दिया और सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई कटवा दी गई।

फायर फाइटर शाहनाबाज अहमद ने बताया कि फतेहगढ़, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दुकान में मौजूद बारूद के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए टीमों को करीब तीन घंटे से अधिक मशक्कत करनी पड़ी। सुबह 7:00 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़