वॉशिंगटन, 11 जून।
पश्चिम एशिया में जारी बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान किया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की है कि ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य हमलों और बमबारी को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ वार्ता एक महत्वपूर्ण स्तर पर पहुंच गई है और द्विपक्षीय समझौते के कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है।
सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर अपने संदेश में राष्ट्रपति ट्रंप ने जानकारी दी कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई चर्चाओं के बाद ही उन्होंने नियोजित सैन्य कार्रवाई को रद्द करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस समझौते की रूपरेखा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर संबंधित पक्षों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हो चुका है।
इस कूटनीतिक प्रक्रिया में अमेरिका के साथ ही इजराइल, सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, तुर्किये, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और मिश्र जैसे देशों की सक्रिय भूमिका रही है। ट्रंप ने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लागू नौसैनिक नाकाबंदी अभी जारी रहेगी और समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर होने तक इसमें किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने संकेत दिए हैं कि इस समझौते को लेकर अगली घोषणाएं शीघ्र की जा सकती हैं।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक महत्वपूर्ण दावा किया है। सेंटकॉम ने आश्वस्त किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की आवाजाही के लिए पूरी तरह खुला है और वहां सुरक्षित समुद्री मार्ग उपलब्ध हैं।
अमेरिकी पक्ष के अनुसार, जो जहाज ईरान से जुड़े अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं, वे इस मार्ग का निर्बाध उपयोग कर सकते हैं। सेंटकॉम ने यह भी बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान सैकड़ों वाणिज्यिक जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरे हैं।










