इंदौर, 12 जून।
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गुरुवार देर रात एक दुखद सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह (29) का निधन हो गया। यह हादसा शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे उस समय हुआ, जब वे देवास से इंदौर की ओर लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभात सिंह अपने तीन साथियों के साथ कार से यात्रा कर रहे थे। शिप्रा क्षेत्र के पास किसी जरूरी काम से उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी रोकी थी। जैसे ही वे वापस कार में बैठने के लिए आगे बढ़े, तभी एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इंदौर के अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभात सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी थे और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाई प्रदीप सिंह के पुत्र थे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने रात में ही विशेष अनुमति लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान द्वारा दिल्ली भेजा गया, जहाँ से उन्हें अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा।
हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है। शिप्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। अस्पताल पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी।









