सिलीगुड़ी, 12 जून।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस वर्तमान में ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है। मजूमदार ने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में सांसदों के समर्थन को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा के बाद अब लोकसभा के लगभग 20 तृणमूल सांसदों के हस्ताक्षर सामने आने से पार्टी के भीतर का गहरा असंतोष खुलकर सामने आ गया है। मजूमदार ने कहा, “ममता बनर्जी के साथ कितने सांसद बचे हैं, अब यह गिनने वाली बात है। उनकी संख्या लगातार कम होती जा रही है और धीरे-धीरे सभी नेता पार्टी छोड़कर बाहर निकल जाएंगे।”
अभिषेक बनर्जी की हालिया अदालत में पेशी को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया। मजूमदार ने कहा कि जो लोग पहले राजा की तरह रहते थे और जांच एजेंसियों के बुलावे को नजरअंदाज करते थे, उन्हें अब कोर्ट के आदेश पर मजबूरी में पेश होना पड़ रहा है। उन्होंने पार्टी के आंतरिक कलह का जिक्र करते हुए कहा कि कल्याण बनर्जी जैसे वरिष्ठ नेताओं और अभिषेक बनर्जी के बीच तालमेल ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पुराने नेता पैराशूट से आए नेतृत्व को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और टीएमसी को अब यह तय करना होगा कि वह किसे साथ रखेगी। मंत्री आज मालदा में एक प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं।













