फिरोजपुर, 6 जून।
पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। हादसा एक ओवरलोडेड पिकअप वैन और ट्राले की टक्कर से हुआ। सभी मृतक और घायल एक ही परिवार तथा रिश्तेदारी से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो अस्थि विसर्जन के लिए डेरा ब्यास जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में करीब 29 लोग सवार थे। अधिक लोगों को बैठाने के लिए वाहन में विशेष व्यवस्था की गई थी। छत और फर्श के बीच अतिरिक्त जगह बनाई गई थी तथा पीछे लकड़ी के फट्टे लगाकर क्षमता बढ़ाई गई थी। इसी दौरान गांव जंगेवाला के निकट सामने से आ रहे ट्राले से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के दौरान वाहन के ऊपरी हिस्से में बैठे कुछ यात्री उछलकर ट्राले की ओर जा गिरे। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक 13 वर्षीय बच्ची सहित नौ लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।







