काकामिगाहारा, 6 जून।
जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर प्रतियोगिता का समापन जीत के साथ किया।
भारतीय टीम की इस सफलता में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की चार खिलाड़ियों महक परिहार, स्नेहा दावड़े, नम्मी गीताश्री और नौशीन नाज़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान इन खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए टीम की पदक यात्रा में अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा चर्चा मध्यप्रदेश की खिलाड़ी नौशीन नाज़ के प्रदर्शन की रही। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 12 गोल दागकर टूर्नामेंट की शीर्ष गोल स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। आक्रामक खेल और लगातार गोल करने की क्षमता के दम पर नौशीन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
29 मई से 6 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की कई मजबूत महिला अंडर-18 हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया के खिलाफ मिली 3-0 की जीत टीम के आत्मविश्वास और बेहतरीन तैयारी का प्रमाण रही।
मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की चार खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। नौशीन नाज़ का सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनना इस उपलब्धि को और विशेष बनाता है। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की खिलाड़ियों महक परिहार, स्नेहा दावड़े, नम्मी गीताश्री और नौशीन नाज़ की सराहना करते हुए कहा कि इन बेटियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
मंत्री ने नौशीन नाज़ के टूर्नामेंट की शीर्ष गोल स्कोरर बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भी भारतीय टीम और सभी खिलाड़ियों को इस सफलता पर शुभकामनाएं दी हैं।








