नागरिक समस्याएँ
16 Jun, 2026

भोपाल लिफ्ट के बहाने पत्रकार को बंधक बनाकर 32 हजार रुपये लूटे

भोपाल के निशातपुरा क्षेत्र में चार बदमाशों ने लिफ्ट मांगने का बहाना बनाकर पत्रकार को बंधक बनाया और चाकू की नोक पर परिचितों से ऑनलाइन रकम मंगवाकर 32 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

भोपाल, 16 जून।

राजधानी के निशातपुरा क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ लूट की गंभीर वारदात सामने आई है। आरोप है कि चार युवकों ने लिफ्ट मांगने का बहाना बनाकर पत्रकार को अपने कब्जे में लिया और चाकू की नोक पर धमकाते हुए परिचितों से ऑनलाइन रकम मंगवाकर करीब 32 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

जानकारी के मुताबिक पत्रकार अनुज मीणा सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे अपना कार्य समाप्त कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निशातपुरा इलाके में एक युवक ने उनसे लिफ्ट देने की बात कही। अनुज मीणा के अनुसार उन्होंने लिफ्ट देने से मना कर दिया, जिसके कुछ देर बाद एक युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया। इससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया।

पीड़ित का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद तीन अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। चारों आरोपियों ने उनकी गर्दन पर चाकू रखकर धमकाया और उन्हें जबरन पास के एक कमरे में ले गए। वहां उनसे नकदी की मांग की गई और पर्याप्त राशि नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाने का दबाव बनाया गया।

अनुज मीणा का कहना है कि आरोपियों ने विभिन्न माध्यमों से कुल 32 हजार रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। रकम हासिल करने के बाद बदमाशों ने उन्हें करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा और रात लगभग तीन बजे छोड़ दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर निशातपुरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार शिकायत प्राप्त होने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पत्रकार के साथ हुई इस लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़