कोलकाता, 21 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोलकाता में भारतीय नौसेना को तीन अत्याधुनिक स्वदेशी युद्धपोत सौंपेंगे। इनमें आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय शामिल हैं, जिन्हें नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो ने तैयार किया है।
इन जहाजों का निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स द्वारा किया गया है। इनका मुख्य उद्देश्य नौसेना की युद्धक क्षमता, हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण और पनडुब्बी रोधी अभियानों को और अधिक मजबूत बनाना है।
आईएनएस दूनागिरी एक स्टील्थ फ्रिगेट है, जो ब्रह्मोस मिसाइलों और उन्नत वायु रक्षा प्रणालियों से लैस है। वहीं, संशोधक गहरे पानी में सर्वेक्षण कार्य करेगा और अग्रय पनडुब्बी रोधी अभियानों में अपनी भूमिका निभाएगा।
नौसेना ने बताया कि इन जहाजों में 75% से अधिक स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें 200 से अधिक लघु और मध्यम उद्योगों ने अपना योगदान दिया है, जो भारत की आत्मनिर्भरता को दर्शाता है।









