नई दिल्ली, 21 जून।
भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जानकारी दी है कि क्रूड ऑयल से लदे तीन भारतीय ध्वजवाहक टैंकरों ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है।
इन जहाजों में देश वैभव, देश विगोर और सनमार हेराल्ड शामिल हैं। इनमें 8.6 लाख मीट्रिक टन से अधिक का कार्गो मौजूद है और इन पर सवार 94 भारतीय चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। ये सभी जहाज अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समुद्री सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। भारत के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सोनोवाल ने यह भी कहा कि उनका मंत्रालय अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। इससे हमारे नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भारत की ऊर्जा आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने में मदद मिल रही है।









