अयोध्या, 26 जून।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिले दान में हुई गड़बड़ी के मामले में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित एसआईटी की सिफारिशों के बाद पुलिस ने आठ नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत पर श्री राम जन्मभूमि थाने में यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसआईटी का नेतृत्व लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत कर रहे हैं। एसआईटी ने मंगलवार को सरकार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
यह पूरा मामला ट्रस्ट को मिले दान और चढ़ावे की राशि में कथित तौर पर हुई चोरी के बाद सामने आया था। ट्रस्ट की मांग पर ही मुख्यमंत्री ने विशेष जांच दल का गठन किया था।









