मुंबई, 26 जून।
अभिनेता और निर्देशक रितेश देशमुख की बहुप्रतीक्षित और चर्चित पीरियड ड्रामा फिल्म 'राजा शिवाजी' अब ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास और छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित इस फिल्म को सिनेमाघरों में मिली अपार सफलता के बाद अब दर्शक घर बैठे हिंदी और मराठी भाषा में देख सकते हैं।
फिल्म के ओटीटी प्रीमियर की आधिकारिक घोषणा करते हुए नेटफ्लिक्स ने रितेश देशमुख का एक दमदार पोस्टर साझा किया। फिल्म में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका को जीवंत किया है, वहीं जेनेलिया डिसूजा फिल्म में उनकी पत्नी के किरदार में नजर आई हैं। फिल्म में कलाकारों की दमदार फौज मौजूद है, जिसमें अभिषेक बच्चन (संभाजी शाहजी भोसले), संजय दत्त (मुगल सेनापति अफजल खान) और सलमान खान (विशेष कैमियो) ने अपने अभिनय से चार चांद लगा दिए हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए इस फिल्म ने दुनियाभर में 130 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का कीर्तिमान स्थापित किया है। उल्लेखनीय है कि यह पहली मराठी फिल्म बन गई है, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। अपनी भव्य प्रस्तुति, शानदार पटकथा और सशक्त अभिनय के दम पर फिल्म ने न केवल मराठी सिनेमा का मान बढ़ाया है, बल्कि इसे समीक्षकों और दर्शकों से भी व्यापक सराहना








