नई दिल्ली, 26 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड की महारानी मैक्सिमा से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों के बीच भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से आई क्रांति पर विस्तृत चर्चा हुई। इससे वित्तीय सेवाओं की पहुंच आसान और सस्ती हुई है, जिससे आम लोगों के जीवन जीने की सुगमता में अभूतपूर्व सुधार आया है।
महारानी मैक्सिमा संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष अधिवक्ता के रूप में भारत यात्रा पर हैं। पीएम मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत विश्व स्तर पर अपने अनुभवों को साझा करने के लिए सदैव तत्पर है। यह दौरा वित्तीय समावेशन के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अपनी यात्रा के दौरान महारानी ने विविध पृष्ठभूमियों के लोगों से उनके वित्तीय अनुभवों और चुनौतियों पर सीधी बात की। उन्होंने सरकारी जन-धन कार्यक्रम के लाभार्थियों से भी संवाद किया, जो देश में बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं को आम आदमी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है।
















