कैनबरा, 28 जून।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगी पाबंदी का पालन न करने वाली कंपनियों पर नकेल कसने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि तकनीक कंपनियां इस प्रतिबंध को लागू करने में विफल रही हैं।
सरकार अब इन कंपनियों पर लगने वाले जुर्माने की राशि को दोगुना करने जा रही है। नया कानून लागू होने पर अधिकतम जुर्माना 34.1 मिलियन डॉलर से बढ़कर 68.3 मिलियन डॉलर हो जाएगा।
साथ ही ई-सेफ्टी कमिश्नर को भी विशेष अधिकार दिए जाएंगे। अब कंपनियों को यह साबित करना होगा कि उन्होंने नाबालिगों को अपनी सेवाओं तक पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं।
यह सख्त कदम न्यूकैसल विश्वविद्यालय की एक रिपोर्ट के बाद उठाया गया है। अध्ययन के अनुसार, दिसंबर 2025 में प्रतिबंध लागू होने के तीन महीने बाद भी 85 प्रतिशत से अधिक बच्चे सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे थे।
सरकार संसद के शीतकालीन अवकाश से पहले ही इस विधेयक को सदन में पेश करने की तैयारी में है। इससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दबाव काफी बढ़ जाएगा।









