क्वेटा, 28 जून।
बलोचिस्तान में डॉ. महरंग बलोच और सिबघतुल्लाह शाह को सुनाई गई उम्रकैद की सजा को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। इस फैसले के विरोध में प्रांत के विभिन्न हिस्सों में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।
इस बीच एक विवादित घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें सजा सुनाने वाले जज मोहम्मद अली मुबीन को बलोचिस्तान उच्च न्यायालय में पदोन्नत करने की सिफारिश को मंजूरी दे दी गई है।
प्रांतीय सरकार और उच्च न्यायालय के बीच इस नियुक्ति को लेकर सहमति बनी है। हालांकि, उच्च न्यायालय के कुछ वरिष्ठ न्यायाधीशों ने कनिष्ठ जज की इस पदोन्नति पर अपनी असहमति जताई है।
आगामी कुछ दिनों में इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है। इससे पहले भी इस तरह की संभावना जताई गई थी कि विवादित फैसले के इनाम के तौर पर जज की पदोन्नति हो सकती है।
डॉ. महरंग बलोच पर ग्वादर प्रदर्शन के दौरान एक सैनिक की मौत के मामले में देशद्रोह के आरोप तय किए गए हैं। उनके समर्थक इसे अन्यायपूर्ण करार देते हुए लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।









