पटना, 28 जुलाई।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अब इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी प्रमुख सहयोगी दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर गठबंधन की एकजुटता प्रदर्शित की और प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत का दावा किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उनके अनुसार, इससे स्पष्ट है कि बांकीपुर के मतदाता विकास और सुशासन के मुद्दे पर राजग के साथ हैं। उन्होंने कहा कि रोड शो, जनसंपर्क अभियान और अन्य चुनावी कार्यक्रमों में मिले उत्साह से संकेत मिलता है कि नीरज कुमार बड़े मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बांकीपुर के मतदाताओं से विकास की निरंतरता के लिए राजग प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी सहयोगी दल पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं। उनके अनुसार, पटना और बांकीपुर में हुए विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास राजग और उसके प्रत्याशी पर बना हुआ है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता चुनावी प्रबंधन के सहारे माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके इरादों को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी उम्मीदवार पांच हजार मतों के भीतर सिमट जाएंगे। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का बांकीपुर से वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित राजग के सभी शीर्ष नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव प्रचार किया है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा और राजग का मजबूत गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ता कद बिहार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार इस बार नितिन नवीन की पिछली जीत के रिकॉर्ड से भी अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगे।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले के पटना और वर्तमान पटना के विकास में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव सहित राजधानी में हुए आधारभूत ढांचे के विकास कार्य राजग सरकार की उपलब्धियां हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर के मतदाता विकास, सुरक्षा और स्थिर शासन के पक्ष में मतदान करेंगे।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राजग नेताओं ने कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है और सभी सहयोगी दल प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने की अपील भी की।
उल्लेखनीय है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों का ध्यान मतदाताओं से अंतिम संपर्क और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर केंद्रित हो गया है।


















