Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

चुनाव
29 Jul, 2026

बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर उपचुनाव के लिए मतदान कल

तीनों राज्यों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जबकि मतगणना 3 अगस्त को

नई दिल्ली, 29 जुलाई।

बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तीनों राज्यों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, अतिरिक्त पुलिस बल, वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग परिस्थितियों में उपचुनाव हो रहे हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हुई थी। दतिया सीट कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण खाली हुई, जबकि मांजलपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें करीब दो लाख पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में स्थापित हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

पटना के जिलाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी कुंदन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग होगी। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बाहर मोबाइल जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निर्वाचन आयोग से मान्य 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों के आधार पर भी मतदान किया जा सकेगा।

बांकीपुर सीट पर 40 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच में 26 नामांकन वैध पाए गए। एक उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद अब 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है।

वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नितिन नवीन ने 98,299 मत प्राप्त कर राजद की रेखा गुप्ता को 51,936 मतों से हराया था। रेखा गुप्ता को 46,363 और जन सुराज के उम्मीदवार को 7,717 मत मिले थे। इस बार भाजपा के नए उम्मीदवार और प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक माना जा रहा है।

दतिया विधानसभा सीट पर कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 233 संवेदनशील और 28 अति संवेदनशील श्रेणी में हैं। यहां 2,20,410 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1,372 दिव्यांग, 1,237 वरिष्ठ नागरिक और 443 सर्विस वोटर भी मतदान करेंगे।

दतिया में एक पिंक मतदान केंद्र और एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निर्वाचन कार्य में 1,280 मतदान कर्मी और 215 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। जिले की सीमाओं पर 12 अंतरराज्यीय जांच नाके बनाए गए हैं, जबकि शिकायतों के निस्तारण के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के अनुसार, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ, एसएएफ, जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

दतिया सीट पर 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से हराया था। बाद में दोषसिद्धि के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,19,494 मतदाता हैं। इनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिला और दो तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 62 स्थानों पर 260 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। दो मतदान केंद्र पूरी तरह महिला कर्मचारियों और दो दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। पांच मॉडल मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। सभी बूथों पर सीसीटीवी और शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

बारिश की संभावना को देखते हुए मतदान केंद्रों पर वॉटरप्रूफ टेंट, अस्थायी शेल्टर, कतार प्रबंधन दल और जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए पंप तैनात किए गए हैं। पीठासीन अधिकारी निर्वाचन आयोग के एप के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे में मतदान प्रतिशत की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, 22 और 23 जुलाई को आयोजित घर से मतदान सुविधा के तहत 107 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 90 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे। मकरपुरा स्थित भारतीय विद्या भवन को डिस्पैच सेंटर, रिसीविंग सेंटर, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्र बनाया गया है। चुनाव की निगरानी के लिए नौ फ्लाइंग स्क्वॉड, तीन स्टैटिक सर्विलांस टीमें, दो वीडियो सर्विलांस टीमें और एक एंटी-डिफेसमेंट टीम तैनात की गई है।

जिला कलेक्टर अनिल धामेलिया ने बताया कि मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदाता निर्वाचन आयोग से मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों के आधार पर मतदान कर सकेंगे, जबकि पंजीकृत एनआरआई मतदाताओं को मूल पासपोर्ट प्रस्तुत करना होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों की व्यवस्था भी की गई है।

मांजलपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है। जांच और नाम वापसी के बाद मुख्य मुकाबला भाजपा के सतीश (सत्येंद्र) पटेल और कांग्रेस के भीखा रबारी के बीच रह गया है।

तीनों राज्यों के इन उपचुनावों पर प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर है। बांकीपुर में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर मानी जा रही है, दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि मांजलपुर में भाजपा अपने पारंपरिक गढ़ को बनाए रखने की चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे में 30 जुलाई का मतदान और 3 अगस्त के परिणाम तीनों राज्यों की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़