दतिया, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में 16.33 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। मतदान शुरू होने के शुरुआती समय में तीन केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण ईवीएम बदली गईं। वहीं लखनपुर गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार की कोशिश की, जिसे अधिकारियों की समझाइश के बाद समाप्त कर दिया गया।
उपचुनाव को लेकर दतिया क्षेत्र के मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। सुबह से ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें लग गईं। मतदान शुरू होने से पहले तीन केंद्रों पर मशीनों में तकनीकी समस्या सामने आई थी।
मतदान केंद्र क्रमांक 186 पर वीवीपैट, केंद्र 108 पर बैलेटिंग यूनिट और केंद्र 290 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी मिली। मॉक पोल के दौरान राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में इन उपकरणों को तुरंत बदल दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि समय रहते सभी मशीनों को बदलने के बाद मतदान प्रक्रिया तय समय पर सुचारु रूप से शुरू कर दी गई।
इस बीच बसई क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार की घोषणा की। ग्रामीणों ने "सड़क नहीं तो वोट नहीं" के नारे लगाए। इसकी जानकारी मिलने के बाद एसडीएम अशोक अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद करीब 50 ग्रामीण मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले मां पीतांबरा पीठ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 158 पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदान करने के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा किया।
प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मतदान करने पहुंचे। दतिया विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं।

















