दतिया, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 291 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है।
मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों समेत कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं।
भाजपा प्रत्याशी आशीष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर दर्शन किए और दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार तथा भयमुक्त वातावरण के लिए प्रार्थना की। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने वोट डालने के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा किया और कहा कि मतदाता भाजपा के अहंकार का जवाब देंगे।
दतिया उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरुष, 1 लाख 4 हजार 284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं।
क्षेत्र में बनाए गए 291 मतदान केंद्रों में 185 ग्रामीण और 106 शहरी केंद्र हैं। इनमें 233 क्रिटिकल और 28 वल्नरेबल मतदान केंद्रों की पहचान की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए एसएसबी समेत 16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है। सेक्टर मोबाइल दल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और मतदाताओं से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
इसी बीच दतिया नगर के मतदान केंद्र क्रमांक 164, 165, 139 और 140 का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और भयमुक्त दतिया बनाने के लिए लोगों से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। दतिया के वार्ड 14 स्थित पोलिंग केंद्र 139 पर कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने मतदान किया।
अवधेश नायक कांग्रेस से टिकट के प्रमुख दावेदार रहे थे। घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने प्रदेश नेतृत्व पर नाराजगी जताई थी। बाद में कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंच से उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की बेटी मांडवी राजे ने भी मतदान कर पार्टी की जीत का दावा किया।

















