दतिया, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 में गुरुवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस पर्व में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, क्षेत्र में कुल 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि मतदान शुरू होने के साथ ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदान की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ पेयजल, छाया, चिकित्सा सुविधा और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी करती रही, जिससे मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा हुआ।
मतदान के दिन जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें एक लाख 16 हजार 116 पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.09 रहा, जबकि एक लाख चार हजार 284 महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जिनका प्रतिशत 68.48 रहा। वहीं 10 अन्य मतदाताओं ने मतदान किया, जिनका प्रतिशत 40 रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम और अन्य निर्वाचन सामग्री लेकर सुरक्षित रूप से प्राप्ति केंद्र पहुंच रहे हैं। वहां सामग्री जमा करने की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी कराई जा रही है।
उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भाग लेने वाले सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल, केंद्रीय सुरक्षा बल, मीडिया प्रतिनिधियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

















