दतिया, 01 अगस्त।
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार, 3 अगस्त को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वनिल वानखेड़े ने बताया कि मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर ने बताया कि मतगणना सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गणना से शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए 20 काउंटिंग टेबल बनाई गई हैं, जबकि डाक मतपत्रों की गणना के लिए अलग से एक काउंटर की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि ईवीएम के मतों की गिनती कुल 15 चरणों में पूरी होगी। प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। संपूर्ण प्रक्रिया के लिए करीब 350 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
स्वनिल वानखेड़े ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर भी बनाया गया है।
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस दौरान कुल 71.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.05, महिला मतदाताओं का 68.49 और अन्य मतदाताओं का 50 प्रतिशत रहा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कुल 2,20,410 मतदाताओं में से 1,57,414 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1,16,116 पुरुष मतदाताओं में से 85,989, 1,04,284 महिला मतदाताओं में से 71,420 और 10 अन्य मतदाताओं में से पांच मतदाताओं ने मतदान किया।
मतगणना की तैयारियों के तहत शनिवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय में काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट और माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम, वीवीपैट और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं की जानकारी भी दी गई।






















