वडोदरा, 03 अगस्त।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी को 30,499 मतों के अंतर से पराजित कर सीट अपने नाम कर ली।
जीत के बाद सतीश पटेल ने कहा कि मांजलपुर की जनता ने उन्हें भी वही स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, जो स्वर्गीय योगेश पटेल (योगेश काका) को मिलता रहा। उन्होंने इस विजय का श्रेय क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी भीखा रबारी ने हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम चरण में भाजपा की ओर से भय का माहौल बनाया गया, जिसका असर चुनाव परिणाम पर पड़ा।
मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार उपचुनाव में 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। सोमवार को 19 चरणों की मतगणना पूरी होने के बाद सतीश पटेल को विजयी घोषित कर दिया गया।
इस जीत के साथ भाजपा ने मांजलपुर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। साथ ही पार्टी ने स्वर्गीय योगेश पटेल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में भी सफलता हासिल की।
















