वडोदरा, 3 अगस्त।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी ने मजबूत बढ़त बना ली है। 11वें राउंड की गिनती पूरी होने तक भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल कांग्रेस के भीखा रबारी से 17,198 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार पहले चरण से ही पिछड़ते रहे हैं। 11वें राउंड तक भीखा रबारी को 14,085 वोट मिले हैं।
भाजपा की बढ़त के बाद मतगणना केंद्र के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने गरबा प्रस्तुत कर खुशी जाहिर की, जबकि समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उत्सव मनाया।
इस उपचुनाव की मतगणना कुल 19 चरणों में पूरी की जानी है। मतगणना केंद्र पर 14 ईवीएम टेबल और एक डाक मतपत्र टेबल की व्यवस्था की गई है। 260 मतदान केंद्रों के मतों की गिनती चरणबद्ध तरीके से जारी है। सुबह आठ बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अनिल धामेलिया के मार्गदर्शन में मतगणना कराई जा रही है। इसके लिए 42 काउंटिंग स्टाफ, प्रत्येक टेबल पर 42 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए करीब 200 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के जनरल, पुलिस और व्यय प्रेक्षकों की निगरानी में चल रही है।
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात हैं। अंतिम परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है।
गौरतलब है कि मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस उपचुनाव में 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। शुरुआती रुझानों से ही भाजपा ने बढ़त बनाई, जो 11वें राउंड तक लगातार बढ़ती गई।















