मुंबई, 29 सितंबर।
फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा और संदीप रेड्डी वांगा की हालिया मुलाकात ने फिल्मी दुनिया में हलचल बढ़ा दी है। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर वांगा के साथ एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में दोनों निर्देशक साथ दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ लिखा गया कैप्शन भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म प्रेमी इस मुलाकात और कैप्शन को संदीप रेड्डी वांगा की आने वाली फिल्म ‘स्पिरिट’ से जोड़कर देख रहे हैं, जिसके चलते तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई है।
संदीप रेड्डी वांगा इन दिनों निर्माता भूषण कुमार और टी-सीरीज के साथ फिल्म ‘स्पिरिट’ पर काम कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में हैं और इसे एक्शन-ड्रामा के रूप में पेश किया जा रहा है। इसकी रिलीज 5 मार्च 2027 तय की गई है। वहीं, राम गोपाल वर्मा अपनी आगामी एक्शन-क्राइम फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ का निर्देशन कर रहे हैं, जिसमें हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में होंगे। फिल्म की कहानी मुंबई पुलिस की उस विशेष टीम से प्रेरित बताई गई है, जिसने 1990 के दशक के अंतिम वर्षों और 2000 के शुरुआती दौर में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान चलाया था। दोनों निर्देशकों के आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी फिल्म जगत में चर्चा बनी हुई है।










