मुंबई, 29 सितंबर।
अभिनेता जैकी श्रॉफ अब हॉरर जॉनर में नजर आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘काली खेती’ की रिलीज तारीख निर्माताओं ने घोषित कर दी है। हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन और लेखन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब तक एक्शन, थ्रिलर और कॉमेडी फिल्मों में नजर आ चुके जैकी श्रॉफ इस फिल्म के जरिए पहली बार हॉरर कहानी का हिस्सा बनेंगे।
‘काली खेती’ ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित हॉरर फिल्म है, जिसका निर्माण सना खान ने ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले किया है। फिल्म का नया मोशन-पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें इसकी रहस्यमयी और डरावनी दुनिया की झलक दिखाई गई है। पोस्टर में सुनाई देने वाली भयावह ध्वनियां फिल्म के माहौल को और रोमांचक बनाती हैं। फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ शरद केलकर महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि नेहा सरगम मुख्य अभिनेत्री हैं। जून 2026 में भी फिल्म का मोशन-पोस्टर जारी किया गया था। रिलीज के बाद ‘काली खेती’ का मुकाबला लव रंजन की फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ से होगा।










