नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
गायक अरिजीत सिंह ने संन्यास की घोषणा के बाद पहली बार भारत में संगीत कार्यक्रमों की श्रृंखला का एलान किया है। उनका यह दौरा जनवरी 2027 से शुरू होगा और देश के नौ शहरों में आयोजित किया जाएगा। यह श्रृंखला भारतीय संगीत जगत में उनके 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित की जा रही है।
अरिजीत सिंह ने इसी वर्ष जनवरी में पार्श्व गायन से संन्यास लेकर एकल संगीत पर ध्यान केंद्रित करने की घोषणा की थी। इसके बाद यह उनका पहला बड़ा कार्यक्रम होगा। नौ शहरों का दौरा जनवरी से मई 2027 तक चलेगा।
कार्यक्रमों की शुरुआत 9 जनवरी को अहमदाबाद से होगी। इसके बाद 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर, 20 फरवरी को मुंबई, 13 मार्च को बेंगलुरु, 27 मार्च को नई दिल्ली, 10 अप्रैल को पुणे, 1 मई को इंदौर और 15 मई को हैदराबाद में कार्यक्रम होंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रमों में कई बड़े स्तर के मंच तैयार किए जाएंगे। दर्शकों के करीब पहुंचने के लिए मंच पर लंबा रास्ता बनाया जाएगा। 360 डिग्री ध्वनि व्यवस्था, विशाल पर्दे, गतिशील प्रकाश व्यवस्था, लेजर और आतिशबाजी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
अरिजीत सिंह ने कहा कि संगीत के 20 वर्ष उनके लिए बेहद कृतज्ञता से भरी यात्रा रहे हैं। उन्होंने अपने श्रोताओं को इन गीतों को जीवन देने वाला सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और देशभर में दर्शकों से सीधे मिलने की खुशी जाहिर की।
अरिजीत सिंह को 2013 में फिल्म आशिकी 2 के गीत तुम ही हो से देशभर में बड़ी पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने ऐ दिल है मुश्किल, हवाएं, अपना बना ले, वे माही, सजनी, गहरा हुआ और केसरिया जैसे कई लोकप्रिय गीत गाए।
उन्हें बिंते दिल और केसरिया के लिए दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। जनवरी 2025 में उन्हें भारतीय संगीत में योगदान के लिए पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था। उनका हालिया गीत आगामी फिल्म रामायण का जय जय राम है।










