वैशाली, 8 अक्टूबर।
बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर में होगा, जिसमें दुनिया के विभिन्न देशों से बौद्ध भिक्षु, धर्मगुरु और विद्वान शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय बैठक हुई। इसमें वैशाली की जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं। पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर बनाने के लिए सड़कों की मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा आधुनिक स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा दलों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने बताया कि म्यांमार, थाईलैंड, लाओस, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों के बौद्ध भिक्षुओं और धर्मगुरुओं के साथ 14 अंतरराष्ट्रीय विद्वानों की भागीदारी की सहमति मिल चुकी है।
देश-विदेश से आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए पटना हवाई अड्डे और पटना जंक्शन पर चौबीसों घंटे सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। वैशाली में श्रद्धालुओं और प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।
तीन दिवसीय सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय और राज्य के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ त्रिपिटक पाठ, बौद्ध विरासत पर चर्चा, विरासत भ्रमण और बिहार के हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी आयोजित होगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि सम्मेलन से बिहार को वैश्विक पर्यटन और बौद्ध आध्यात्मिक विरासत के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। वैशाली प्रशासन को सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले अतिथियों को बिहार की संस्कृति और आतिथ्य का बेहतर अनुभव मिल सके।














