भोपाल, 12 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। रविवार को ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ जिलों में बादल छाए रहे। सोमवार से चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव कमजोर पड़ने की संभावना है, जिसके बाद रात के तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम के मौजूदा रुझान के अनुसार, 20 अक्टूबर से रात में ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है, हालांकि दिन के समय गर्मी बनी रह सकती है। रविवार रात इंदौर में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाजापुर में यह 16.4, छिंदवाड़ा में 16.9, पचमढ़ी में 17.5 और भोपाल में 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, ग्वालियर और नर्मदापुरम में दिन का पारा 36 डिग्री के पार बना हुआ है। रविवार को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज और सतना में मौसम बदला। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है, लेकिन फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में वर्षा का अनुमान नहीं है।
इस साल जून से सितंबर के बीच मध्य प्रदेश में कुल 908.4 मिलीमीटर यानी 35.8 इंच बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 949.5 मिलीमीटर यानी 37.3 इंच है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से लगभग 4 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश औसत से 4 प्रतिशत अधिक रही, जबकि पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई। पूर्वी क्षेत्र के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में भी सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। इसके बावजूद कई जिलों में वर्षा की कमी बनी रही। बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई। पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में यह कमी 9 से 51 प्रतिशत तक रही। प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया है, जिनमें भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल हैं। दूसरी ओर, 30 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है। इनमें नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, अशोकनगर, मुरैना, मंदसौर, खंडवा, बड़वानी, नीमच, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, रायसेन, छिंदवाड़ा, विदिशा, शाजापुर, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर शामिल हैं।














