रियाद, 16 अक्टूबर।
सऊदी अरब में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने, किसी भी प्रकार के हवाई हमले की आशंका पर संयम बनाए रखने तथा अपने निवास स्थानों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। रियाद स्थित हवाई अड्डे पर काम-काज प्रभावित होने के बाद भारत की एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी उड़ान सेवाएं स्थगित कर दी हैं। हालांकि, सऊदी अरब की स्थानीय विमानन कंपनियां अब भी भारत के लिए उड़ान भर रही हैं।
सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने वहां के बुनियादी ढांचे और नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में भारत सऊदी अरब की जनता और वहां के शासन के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। राजदूत ने हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
भारतीय दूतावास 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में अपनी जान गंवाने वाले भारतीय के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। इसके अलावा, इस घटना में घायल हुए 11 अन्य भारतीयों के परिवारों तथा उनका इलाज कर रहे अस्पताल प्रबंधन से भी लगातार तालमेल बिठाया जा रहा है, ताकि हर संभव मदद पहुंचाई जा सके।
उड़ानों के संदर्भ में भारतीय राजदूत ने जानकारी दी कि भले ही एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें रद्द हैं, परंतु सऊदिया, फ्लाइनास और फ्लाईएडील की भारत आने वाली सेवाएं चालू हैं। यात्री चाहें तो पड़ोसी खाड़ी देशों के वैकल्पिक मार्गों से भी भारत की यात्रा कर सकते हैं। फिर भी, किसी भी यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।













