लखनऊ, 17 अक्टूबर।
केरल की अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए भावुक पत्र लिखा है। अरुंधति के लिए योगी की एक पुरानी सीख जीवन में आत्मविश्वास का आधार बनी। अब विवाह के अवसर पर उन्होंने अपने प्रेरणास्रोत से समारोह में पहुंचकर नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।
अरुंधति ने पत्र में बचपन के उन दिनों को याद किया, जब छोटी-छोटी बातों पर रो पड़ने के कारण उन्हें अपनी भावुकता कमजोरी लगने लगी थी। उनके कुछ दोस्त भी उन्हें भावनाओं पर नियंत्रण रखने की सलाह देते थे। इससे उनके मन में सवाल उठता था कि क्या भावुक व्यक्ति भी मजबूत हो सकता है और अपनी भावनाएं जाहिर करना क्या कमजोरी है।
इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। वीडियो में योगी भावुक नजर आ रहे थे। उनके भाई ने समझाया कि व्यक्ति भावुक होने के साथ-साथ मजबूत भी हो सकता है। इस अनुभव ने अरुंधति की सोच बदल दी। उन्हें एहसास हुआ कि आंसू कमजोरी का प्रमाण नहीं हैं और भावनाओं को स्वीकार करना भी साहस का हिस्सा है।
अरुंधति ने इस सीख को अपने जीवन में अपनाया। उनके लिए मजबूत होने का अर्थ भावनाओं को छिपाना नहीं, बल्कि मुश्किलों का सामना करते हुए आत्मविश्वास बनाए रखना है। उन्होंने पत्र में लिखा कि जब भी उन्हें खुद पर संदेह होता है, योगी की यात्रा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होना है। अरुंधति ने मुख्यमंत्री से इस खास अवसर पर उपस्थित होकर नवदंपती को आशीर्वाद देने का अनुरोध किया है।
उन्होंने पत्र में योगी को केवल नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह बताया है। अरुंधति ने लिखा कि उनकी जीवन यात्रा से उन्हें हिम्मत और प्रेरणा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री व्यस्तताओं के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा।














