भोपाल, 17 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती में आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शहरी विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान सुनियोजित शहरीकरण, आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने पूर्ण डिजिटल, स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल एकीकृत टाउनशिप परियोजना का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की प्रमुख विशेषताओं और विकास योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश में इंदौर-उज्जैन और भोपाल मेट्रोपॉलिटन परियोजनाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही, जबलपुर और ग्वालियर के लिए तैयार की जा रही भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की। बैठक में आधुनिक शहरी विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।
विजयवाड़ा में निवेशकों से की चर्चा
आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को विजयवाड़ा में प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसर तलाशना और औद्योगिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करना रहा।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, अनुकूल औद्योगिक वातावरण और उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से लागू की गई उद्योग-मित्र नीतियों की जानकारी दी। इन चर्चाओं के माध्यम से प्रदेश में औद्योगिक निवेश और साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।














