विदिशा, 19 अक्टूबर।
भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी अभिषेक दुबे और शुचिता किशोर ने सोमवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की शैक्षणिक गतिविधियों, कृषि आधारित उद्योगों और ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया। अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं से संवाद भी किया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित सशक्त वाहिनी कोचिंग कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण हैं। छात्राओं ने भी उनसे बातचीत कर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाएं जानीं
विदेश सेवा के अधिकारियों ने जिले में संचालित कृषि आधारित उद्योग का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कृषि उपज पर आधारित औद्योगिक गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रिया और कृषि उद्यमों के विकास की संभावनाओं को समझा। इस दौरान कृषि संसाधनों के बेहतर उपयोग, मूल्य संवर्धन और कृषि से जुड़े उद्योगों के माध्यम से रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के अवसरों पर भी जानकारी ली।
उदयगिरि गुफाओं की ऐतिहासिक विरासत देखी
अधिकारियों ने विदिशा की प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर उदयगिरि गुफाओं का भ्रमण कर वहां की प्राचीन गुफाओं, शिल्पकला और ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने क्षेत्र की पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा।
इस भ्रमण के माध्यम से अधिकारियों को विदिशा में शिक्षा, कृषि आधारित उद्यम, उद्योग, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।














