नई दिल्ली, 21 अक्टूबर।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 22 से 27 अक्टूबर तक जर्मनी और नीदरलैंड के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के साथ व्यापार, निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। उनके साथ करीब 100 भारतीय कंपनियों और स्टार्टअप का प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, गोयल 22 से 24 अक्टूबर तक जर्मनी और 24 से 27 अक्टूबर तक नीदरलैंड में रहेंगे। जर्मनी में वह बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में हिस्सा लेंगे और अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माताओं तथा प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। उनकी जर्मनी के आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री और जर्मन चांसलर के आर्थिक एवं वित्तीय नीति सलाहकार के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में जी-7 और जी-20 के शेरपा भी शामिल होंगे।
चर्चा के प्रमुख विषयों में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाना, उन्नत इंजीनियरिंग, हरित परिवहन, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की जारी वार्ता से मिलने वाले अवसर शामिल हैं।
नीदरलैंड में गोयल हेग में आर्थिक मामलों एवं जलवायु मंत्री तथा विदेश व्यापार एवं विकास सहयोग मंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा उत्तर हॉलैंड के किंग्स कमिश्नर और डच संसद की विदेश व्यापार तथा यूरोपीय मामलों से जुड़ी समितियों के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।
भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल जर्मनी में वाहन उद्योग, उन्नत विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा, स्वास्थ्य और दवा उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। जर्मनी में निवेश और कारोबार स्थापित करने की संभावनाओं पर जर्मनी ट्रेड एंड इन्वेस्ट के साथ भी चर्चा होगी।
प्रतिनिधिमंडल 25 अक्टूबर को रॉटरडैम बंदरगाह का दौरा कर माल ढुलाई और आपूर्ति शृंखला व्यवस्था का जायजा लेगा। इसके बाद 26 अक्टूबर को हेग में भारत-नीदरलैंड व्यापार मंच आयोजित होगा। इसमें गोयल और नीदरलैंड के विदेश व्यापार एवं विकास सहयोग मंत्री संबोधित करेंगे। मंच के दौरान कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, उच्च प्रौद्योगिकी, नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, दवा, कपड़ा, इंजीनियरिंग और सेवा क्षेत्र में कारोबारी बैठकें होंगी।














