देहरादून, 22 अक्टूबर।
भारत-चीन सीमा व्यापार के तहत गुरुवार को एक भारतीय व्यापारी ने चीन के तकलाकोट बाजार में करीब 24.50 लाख रुपये का सामान निर्यात किया। इस बीच, तकलाकोट में बीमार पड़े एक भारतीय व्यापारी का चीन में उपचार जारी है। उनके शुक्रवार को भारत लौटने की संभावना है।
सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि वर्ष 2026 के व्यापार सत्र में चौथे बैच के तहत गुरुवार को एक भारतीय व्यापारी चीन की तकलाकोट मंडी पहुंचा। वहां उसने करीब 24 लाख 50 हजार रुपये के सामान का निर्यात किया।
आठ व्यापारी लौटे भारत
उपजिलाधिकारी ने बताया कि अब तक चीन की मंडी से आठ व्यापारी भारत लौट चुके हैं। उनके साथ लाए गए सामान की सीमा शुल्क संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि तकलाकोट में एक भारतीय व्यापारी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली है। व्यापारी का चीन में ही उपचार किया जा रहा है और शुक्रवार को उनकी भारत वापसी की संभावना है।
प्रशासन की ओर से व्यापारी की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।














