रायपुर, 23 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में धूमधाम से मनाए जा रहे ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शुक्रवार को जगदलपुर आगमन हो रहा है। अपने इस प्रवास के दौरान वे प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में शीश नवाकर पूजा-अर्चना करेंगी और सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार की शोभा बढ़ाएंगी।
जारी अधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, राष्ट्रपति का विमान प्रातः 11:15 बजे जगदलपुर हवाई अड्डे पर उतरेगा। यहां से वे सीधे मां दंतेश्वरी देवी के दर्शन करने पहुंचेंगी। दर्शन पूजन के उपरांत वे पूर्वाह्न 11:37 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक सिरहासार भवन में चलने वाले पारंपरिक मुरिया दरबार की कार्यवाही में शामिल होंगी।
बस्तर दशहरा की गौरवशाली परंपराओं का अभिन्न हिस्सा माने जाने वाले मुरिया दरबार में स्थानीय लोक-रीतियों, जन प्रतिनिधियों और अंचल की समस्याओं का खास स्थान रहता है। इस ऐतिहासिक दरबार में भागीदारी के पश्चात राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। उनकी इस यात्रा को बस्तर की जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत के दृष्टिकोण से बेहद खास माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के इस बस्तर दौरे के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी जगदलपुर में मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्ययोजना के तहत मुख्यमंत्री प्रातः 8:40 बजे राजधानी रायपुर से विशेष विमान द्वारा जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जगदलपुर पहुंचने पर वे सर्वप्रथम मां दंतेश्वरी मंदिर में मत्था टेकेंगे और आशीर्वाद लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री मुरिया दरबार के गरिमामय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर के समय लालबाग मैदान पर आयोजित बस्तर दशहरा के भव्य समारोह में भी उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।














