सुपौल, 01 अप्रैल।
प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की 38वीं प्रांतीय सभा में त्रिवेणीगंज शाखा ने अपने शानदार प्रदर्शन से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2025-26 की इस सभा में त्रिवेणीगंज की मुख्य शाखा और नवगठित प्रेरणा शाखा ने कुल नौ पुरस्कार अपने नाम कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। त्रिवेणीगंज शाखा को उसके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण शाखा का प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया। इसी के साथ शाखा सचिव युवा विवेक केजरीवाल को सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण शाखा सचिव के रूप में सम्मानित किया गया।
शाखा के सह सचिव युवा रवि चौखानी को मंडल ‘ग’ का सहायक मंत्री नियुक्त किया गया, जिसे शाखा की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इसके अलावा त्रिवेणीगंज शाखा को श्रेष्ठ कृत्रिम अंग सेवा, श्रेष्ठ वृक्षारोपण, श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रेष्ठ सदस्य विस्तार जैसे कई क्षेत्रों में पुरस्कार प्राप्त हुए। नवगठित प्रेरणा शाखा ने भी अपने सीमित समय में प्रभावशाली कार्य करते हुए श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रेष्ठ वृक्षारोपण सहित दो अन्य पुरस्कार जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष युवा शुभम चौखानी ने कहा कि यह सफलता सभी सदस्यों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का नतीजा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी शाखा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। इस उपलब्धि ने न केवल त्रिवेणीगंज शाखा को, बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्वित किया है।












