रांची, 02 अप्रैल।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में अब खरीदारी का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। जैसे ही शाम होती है, मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगती है और हर स्टॉल पर ग्राहकों की चहल-पहल साफ दिखाई देती है। गुरुवार को भी रांची और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंचे।
लगातार बढ़ती भीड़ से स्टॉल संचालकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स और जीएस मार्केटिंग के सहयोग से आयोजित इस मेले को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जिससे आयोजन की सफलता स्पष्ट झलक रही है।
मेले में लगे अंतरराष्ट्रीय स्टॉल लोगों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं। यहां विदेशी इत्र और परफ्यूम की खुशबू लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इत्र की कीमत 200 रुपये से और परफ्यूम 500 रुपये से शुरू होकर विभिन्न सुगंध और रंगों में उपलब्ध हैं। ग्राहकों की पसंद के अनुसार इन्हें विशेष रूप से तैयार भी किया जा रहा है।
अफगानिस्तान से आए स्टॉल पर सजावटी वस्तुएं भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। यहां फाउंटेन, फ्लावर पॉट, चेस बोर्ड और शिप वॉच जैसे आइटम उपलब्ध हैं, जिनकी कीमतें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। फाउंटेन लगभग दो लाख रुपये, बड़ा फ्लावर पॉट तीन लाख रुपये, छोटा फ्लावर पॉट 80 हजार रुपये और चेस बोर्ड करीब दो लाख रुपये में मिल रहा है।
तजाकिस्तान के स्टॉल पर जेम्स और ज्वेलरी की खास मांग देखने को मिल रही है। यहां सिल्वर आइटम, ब्रेसलेट, ईयररिंग और चेन जैसी चीजें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। जेम्स की कीमत 2500 रुपये से शुरू होने के कारण लोगों में खरीदारी का उत्साह बना हुआ है।
वहीं दुबई से आए स्टॉल पर कुनाफा, बकलावा और चॉकलेट जैसी मिठाइयों ने लोगों का ध्यान खींचा है, जिससे मेले का स्वाद भी खास बन गया है। इस बीच चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह आयोजन केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को वैश्विक अनुभव भी प्रदान कर रहा है। यहां स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं, जिससे शहरवासियों को बड़े महानगरों जैसा अनुभव मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि युवाओं और परिवारों की बढ़ती भागीदारी इस मेले की सफलता को दर्शाती है। आने वाले दिनों में नए ऑफर, लाइव प्रदर्शन और आकर्षक स्टॉल के माध्यम से अनुभव को और बेहतर बनाने की योजना है।
गुरुवार शाम को मेले में संगीत का भी खास रंग देखने को मिला। “मेरी आवाज मेरी पहचान” संस्था द्वारा आयोजित संगीतमय कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने पुराने और नए गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया और पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।












