नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पुडुचेरी में भव्य रोड शो आयोजित कर 09 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन के पक्ष में समर्थन की अपील की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विकास कार्यों को गिनाते हुए जनता से दोबारा अवसर देने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर रोड शो की तस्वीरें साझा करते हुए इसे “शानदार” बताया। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी की जनता ने “बीईएसटी पुडुचेरी” के विजन को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को पुनः चुनने का मन बना लिया है। मोदी ने रोड शो में महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी की भी सराहना की।
उन्होंने मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व में पुडुचेरी की प्रगति का उल्लेख किया और सार्वजनिक वितरण प्रणाली, रोजगार सृजन, रिक्त पदों की पूर्ति तथा किसानों और युवाओं के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने पीएम ई-बस सेवा, एनएच-32 एलिवेटेड कॉरिडोर, एनएच-332ए के उन्नयन और पुडुचेरी-पुंडियानकुप्पम सेक्शन के चार लेन निर्माण जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों में एनआईटी कराईकल में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ब्लॉक, गंगा हॉस्टल, जिपमर के क्षेत्रीय कैंसर केंद्र का आधुनिकीकरण और पांडिचेरी विश्वविद्यालय में नए बुनियादी ढांचे का लाभ स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा। करासूर-सेदारापेट औद्योगिक क्षेत्र में फार्मा, टेक्सटाइल और आईटी पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जो निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सड़कों, हेरिटेज टाउन, मैंग्रोव संरक्षण और जल आपूर्ति सुधार जैसी परियोजनाओं की आधारशिला पिछली यात्रा में रखी गई थी, जिन्हें “डबल इंजन” सरकार समयबद्ध तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके पास पुडुचेरी के विकास के लिए कोई दृष्टि नहीं है और वे इसे “एटीएम” की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं। उन्होंने “डब्ल्यूईएके पुडुचेरी” का अर्थ समझाते हुए कहा कि इसका मतलब है— सबसे खराब शासन, विकास का अंत, जनता के खिलाफ और अर्थव्यवस्था को नुकसान।
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा कि एनडीए पुडुचेरी को मजबूत, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से गठबंधन को समर्थन देने की अपील की।










