वाशिंगटन, 03 अप्रैल 2026।
अमेरिका के रक्षा विभाग ने देश के आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटाकर रिटायरमेंट लेने का आदेश दिया है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने यह कदम ईरान के साथ जारी तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच लिया। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि जनरल जॉर्ज आर्मी के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में अपने पद से रिटायर हो रहे हैं और उनके दशकों लंबे सेवा योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया।
सीबीएस न्यूज की जानकारी के अनुसार, आर्मी के अन्य दो वरिष्ठ अधिकारी, जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी पदों से हटाया गया है। होडने आर्मी के ट्रांसफॉर्मेशन और ट्रेनिंग कमांड का नेतृत्व कर रहे थे, जबकि ग्रीन आर्मी के चैपलेन कोर के प्रमुख थे। जनरल जॉर्ज ने पहले खाड़ी युद्ध, उसके बाद इराक और अफगानिस्तान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2021 से 2022 तक वे रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के वरिष्ठ सैन्य सहायक भी रहे।
इस निर्णय के साथ ही रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कई अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों को भी हटाया है। इसमें जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल सीक्यू ब्राउन, नेवल ऑपरेशंस के चीफ एडमिरल लिसा फ्रांचेटी, एयर फ़ोर्स के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ जनरल जेम्स स्लाइफ और डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जेफ़री क्रूस शामिल हैं।
आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ का कार्यकाल सामान्यतः चार साल का होता है। जनरल जॉर्ज को राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस पद के लिए नामित किया था और 2023 में अमेरिकी सीनेट ने उनकी नियुक्ति की पुष्टि की थी। इस प्रकार, सामान्य परिस्थितियों में वे 2027 तक इस पद पर बने रहते।
अब आर्मी के मौजूदा वाइस चीफ ऑफ स्टाफ जनरल क्रिस्टोफर लानेव सेना के कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ होंगे। लानेव 2022 से 2023 तक सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल रह चुके हैं। पेंटागन प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि लानेव अनुभवी और युद्ध में परखे हुए नेता हैं और उनके पास दशकों का ऑपरेशनल अनुभव है, जिससे वह प्रशासन के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे।











