देहरादून, 02 अप्रैल।
उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान है, हालांकि पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों का तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक के आसार हैं। 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
तापमान के मामले में पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से कम या सामान्य के बीच दर्ज किया गया। अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है, जिसके बाद अगले 2-3 दिनों में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
देहरादून में गुरुवार को मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।











