नई दिल्ली, 26 मार्च।
वैश्विक बाजारों में आज मिश्रित रुझान देखने को मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। यूरोपीय बाजार में भी पिछली ट्रेडिंग सत्र में तेजी रही, लेकिन एशियाई बाजारों में आज बिकवाली का दबाव है।
अमेरिकी बाजारों में एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,591.90 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक ने 167.93 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ 21,929.83 अंक का स्तर हासिल किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 46,364.59 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजारों में एफटीएसई इंडेक्स 1.40 प्रतिशत बढ़कर 10,106.84 अंक पर, सीएसी इंडेक्स 1.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,846.55 अंक पर और डीएएक्स इंडेक्स 1.39 प्रतिशत उछलकर 22,957.08 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में ईरान द्वारा अमेरिकी शांति प्रस्ताव खारिज करने और अपनी शर्तों पर संघर्ष समाप्त करने के ऐलान के कारण दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में सात गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.18 प्रतिशत बढ़कर 4,913.52 अंक पर, जबकि ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 33,471.11 अंक पर पहुंचा।
गिफ्ट निफ्टी 0.47 प्रतिशत यानी 110 अंक की कमजोरी के साथ 23,168 अंक पर, निक्केई 0.30 प्रतिशत गिरकर 53,586 अंक पर और कोस्पी इंडेक्स 3.06 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 5,469.51 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग 1.49 प्रतिशत फिसलकर 24,958 अंक पर, सेट कंपोजिट 1.08 प्रतिशत गिरकर 1,442.16 अंक पर, जकार्ता कंपोजिट 0.82 प्रतिशत कमजोर होकर 7,242.14 अंक पर और शंघाई कंपोजिट 0.57 प्रतिशत लुढ़ककर 3,909.41 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।












