नई दिल्ली, 20 मार्च।
इजराइल द्वारा ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर आगे हमला नहीं करने के संकेत मिलने के बाद आज वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में निचले स्तर से मजबूत रिकवरी करते हुए मामूली गिरावट के साथ बंद हुए, वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता दिख रहा है। यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र में दबाव बना रहा, जबकि एशियाई बाजारों में आज सामान्य तौर पर खरीदारी का माहौल नजर आ रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सेना को जमीनी स्तर पर नहीं उतारने और ईरान के ऊर्जा ढांचे पर नए हमले से परहेज के संकेत देने के बाद वॉल स्ट्रीट का माहौल सुधरता दिखाई दिया। इसके चलते गिरावट झेल रहे प्रमुख सूचकांक निचले स्तर से उबरने में सफल रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.27 प्रतिशत गिरकर 6,606.49 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक भी 0.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 479.74 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,501.17 अंक पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 241.79 अंक यानी 2.40 प्रतिशत गिरकर 10,063.50 अंक पर बंद हुआ। वहीं सीएसी इंडेक्स 162.01 अंक यानी 2.07 प्रतिशत टूटकर 7,807.87 अंक पर पहुंचा। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 662.69 अंक यानी 2.90 प्रतिशत लुढ़ककर 22,839.56 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज रिकवरी का रुख देखने को मिल रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से पांच में तेजी है, जबकि दो सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इंडोनेशिया और जापान के बाजारों में अवकाश के कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स और निक्केई इंडेक्स में कोई हलचल नहीं रही। गिरावट वाले बाजारों में हैंग सेंग इंडेक्स 181.58 अंक यानी 0.71 प्रतिशत गिरकर 25,319 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत फिसलकर 4,954.66 अंक पर पहुंच गया है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 156.50 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,276.50 अंक पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 0.59 प्रतिशत चढ़कर 5,797.13 अंक पर पहुंचा है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.90 प्रतिशत उछलकर 1,430.17 अंक, ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.16 प्रतिशत बढ़कर 33,742.21 अंक और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,013.16 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।












