नई दिल्ली, 01 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के जल्द समाप्त होने की उम्मीद के चलते आज ग्लोबल मार्केट में सकारात्मक संकेत देखने को मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अगले एक से दो सप्ताह में ईरान युद्ध से बाहर हो सकता है। ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान युद्ध समाप्त होने की संभावना बढ़ी है, जिससे वैश्विक बाजारों में मजबूती का माहौल बन गया है।
अमेरिकी बाजार ने पिछले सत्र में मजबूत तेजी के साथ कारोबार किया और अच्छे स्तर पर बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। यूरोपीय बाजार में लगातार खरीदारी का रुझान देखा गया और एशियाई बाजार में भी आज चारों तरफ तेजी का माहौल बना हुआ है।
डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद अमेरिकी बाजार में उत्साह का माहौल बन गया। वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 184.80 अंक यानी 2.91 प्रतिशत बढ़कर 6,528.52 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक ने 795.99 अंक यानी 3.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ 21,590.63 अंक पर कारोबार समाप्त किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 46,421.02 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।
यूरोपीय बाजार में भी तेजी का रुख कायम रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.48 प्रतिशत बढ़कर 10,176.45 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स ने 0.57 प्रतिशत उछाल के साथ 7,816.94 अंक पर कारोबार समाप्त किया। डीएएक्स इंडेक्स 117.16 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,680.04 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भी चौतरफा मजबूती का माहौल देखा गया। एशिया के नौ प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 541 अंक यानी 2.41 प्रतिशत बढ़कर 22,973.50 अंक पर पहुंचा। हैंग सेंग इंडेक्स 520.86 अंक यानी 2.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,309 अंक पर बंद हुआ।
कोस्पी इंडेक्स ने जोरदार छलांग लगाई और 378.24 अंक यानी 7.49 प्रतिशत बढ़कर 5,430.70 अंक पर पहुंच गया। निक्केई इंडेक्स 2,327.28 अंक यानी 4.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 53,391 अंक पर कारोबार कर रहा है। ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,356.81 अंक यानी 4.28 प्रतिशत बढ़कर 33,079.80 अंक पर पहुंच गया।
इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.83 प्रतिशत बढ़त के साथ 4,974.88 अंक पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 112.50 अंक यानी 1.60 प्रतिशत उछलकर 7,160.72 अंक पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.50 प्रतिशत बढ़कर 1,469.80 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.36 प्रतिशत मजबूती के साथ 3,944.80 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।












