भोपाल, 02 मई।
राजधानी के एम्स अस्पताल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रेबीज के इलाज के दौरान एक युवक ने अस्पताल की पहली मंजिल की खिड़की से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक युवक विदिशा जिले का रहने वाला था। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई हेमराज कुमरे ने बताया कि युवक को करीब दो महीने पहले होली के समय उसके गांव में एक पालतू कुत्ते ने काट लिया था। हालांकि, उस समय परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन धीरे-धीरे युवक की तबियत बिगड़ने लगी। 27 अप्रैल को उसकी हालत अधिक खराब हुई, जिसके बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल और फिर गुरुवार को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात से युवक का व्यवहार काफी बदल गया था। वह अजीबोगरीब हरकतें करने लगा था और बार-बार कुत्तों की तरह भौंकने लगा था। शुक्रवार रात को उसने अचानक एम्स की पहली मंजिल पर लगी कांच की खिड़की तोड़ी और नीचे कूद गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाल ही में छिंदवाड़ा जिले में भी एक 50 साल की महिला में रेबीज के लक्षण देखे गए थे, जहां वह लोगों पर हमला कर रही थी। विशेषज्ञों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद अगर समय रहते रेबीज की वैक्सीन नहीं ली जाए, तो यह बीमारी लाइलाज और जानलेवा हो सकती है।







