भोपाल, 02 मई।
भोपाल के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो किराए पर वाहन लेकर उन्हें सस्ते दामों में बेचने का काम करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल पांच वाहन जब्त किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह टीकमगढ़, सागर और दमोह जिलों से लोगों की गाड़ियां किराए पर लेता था। आरोपी वाहन मालिकों को सरकारी विभागों में गाड़ी लगाने का झांसा देते थे, साथ ही अच्छे किराए का वादा करते थे। पहले कुछ माह किराया देकर उनका विश्वास जीतने के बाद, गिरोह के सदस्य गाड़ियों को भोपाल लाकर मजबूरी का बहाना बनाकर कम दामों पर बेच देते थे। इस गिरोह का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण इलाकों के लोगों को शिकार बनाना था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब टीकमगढ़ निवासी मनोज मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने अपनी महिंद्रा एक्सयूवी 500 को आरोपी आलोक चौबे को 45 हजार रुपये प्रति माह किराए पर दिया था। आरोपी ने एक माह तक किराया दिया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया और वाहन को बेच दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी आलोक चौबे (25) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आरोपियों के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांच वाहन बरामद किए हैं, जिनमें दो बोलेरो, दो इनोवा और एक एक्सयूवी 500 शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे और मामले में और भी वाहनों की बरामदगी की संभावना है।











