हरिद्वार, 02 मई।
खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले को हल्के में लेने का परिणाम प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को भुगतना पड़ा। इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कड़ा कदम उठाते हुए इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, लगभग तीन दिन पहले खानपुर क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना घटित हुई थी। पीड़ित परिवार ने मामले की जानकारी तुरंत प्रभारी निरीक्षक को दी थी। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और इस लापरवाही के कारण आरोपित मौके से फरार हो गए।
मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही एसएसपी नवनीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाया और तुरंत पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू को जिम्मेदारी सौंपी गई। सीआईयू की टीम ने तत्परता से एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
नाबालिग से संबंधित संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए दिगपाल सिंह को निलंबित कर दिया। अब खानपुर थाने की जिम्मेदारी साइबर सेल में तैनात गोविंद सिंह को सौंप दी गई है। यह घटना पुलिस महकमे में लंबे समय बाद एक इंस्पेक्टर के निलंबन के कारण चर्चा का विषय बन गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़ी किसी भी घटना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।










