देहरादून, 02 मई।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के सतपुली क्षेत्र में स्थित संसलधार पुल से एक युवक का शव लटका हुआ मिला। मृतक युवक की पहचान पंकज (19) पुत्र स्व. प्रकाश चंद, ग्राम रैतपुर, ब्लॉक जहारीखाल के रूप में हुई है।
शनिवार को थाना सतपुली को सूचना मिली कि रैतपुर मार्ग स्थित संसलधार पुल पर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, और उसका शव पुल से लटक रहा है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम के रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पोस्ट सतपुली से मुख्य आरक्षी विकास रमोला के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाया। शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां आगे की कार्रवाई की गई।











