जबलपुर, 01 मई
मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान पर्यटकों से भरा पर्यटन विभाग का क्रूज पलटने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह तक राहत और बचाव कार्य में नौ शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार नौ से अधिक लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।
हादसे के समय क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे और यह घटना किनारे से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई। शुरुआती रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ की टीम ने कई लोगों को बचाया, लेकिन रात के अंधेरे और खराब मौसम के कारण राहत कार्य बाधित हो गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह से दोबारा खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्रशासन की ओर से अब राष्ट्रीय स्तर की टीमें भी राहत कार्य में शामिल कर दी गई हैं। भारतीय सेना के जवान भी बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। इसके अलावा हैदराबाद से विशेष टीम और हेलिकॉप्टर के पहुंचने की तैयारी है, वहीं कोलकाता से पैरामिलिट्री की एक विशेष टीम भी जबलपुर पहुंच चुकी है। 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज को निकालने के लिए भारी मशीनों और पोकलेन की मदद ली जा रही है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग शाम के समय बरगी डैम घूमने पहुंचते हैं। घटना के दिन अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गया। क्रूज पायलट के अनुसार सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक आए तूफान ने स्थिति को नियंत्रण से बाहर कर दिया।
अब तक बरामद नौ शवों में से आठ की पहचान हो चुकी है, जिनमें विभिन्न स्थानों के लोग शामिल हैं, जबकि एक शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है।











