सुलतानपुर, 30 अप्रैल
सुलतानपुर जनपद के बंधुआ कला थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर स्थित खोखीपुर बाईपास के पास गुरुवार सुबह एक टाटा 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दोनों मृतक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाद में कटर की सहायता से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान अमेठी जनपद के भाले सुलतान थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी शिवनाथ, पुत्र राम मनोहर, तथा बाजार शुक्ला क्षेत्र के पूरे भरोसे का पुरवा निवासी शाह प्रसाद, पुत्र शिव बहादुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों दिल्ली से इलाहाबाद प्रदर्शनी का सामान लेकर यात्रा कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान मृतकों के परिजन भी दूसरी गाड़ी से आगे बढ़ रहे थे, जो सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किस वाहन के कारण हुई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से जानकारी जुटा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक तक पहुंचा जा सके। मामले की जांच लगातार जारी है।









