जयपुर, 02 मई।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई।
आईपीएल द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, जैमीसन को लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें एक डिमेरिट अंक दिया गया और साथ ही आधिकारिक चेतावनी भी जारी की गई।
जैमीसन ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया, जो ऐसे व्यवहार से संबंधित है जिसमें खिलाड़ी की भाषा, हरकत या इशारा दूसरे खिलाड़ी को उकसाने वाला या अपमानजनक हो सकता है। यह घटना जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान हुई।
जैमीसन ने वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद आक्रामक तरीके से बल्लेबाज के पास जाकर उसे उकसाने वाला व्यवहार किया, जिसे आचार संहिता के उल्लंघन के रूप में माना गया।
मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को जैमीसन ने स्वीकार कर लिया है। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से जीत हासिल की।









